चन्दौली में ईंधन की जमाखोरी करने वालों पर होगी कार्रवाई:डीएम चंद्र मोहन गर्ग

चन्दौली,यूपी: मध्य पूर्व (Strait of Hormuz) में जारी अंतरराष्ट्रीय संघर्ष और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बीच जनपद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वैश्विक संकट की आड़ में यदि किसी भी संचालक ने ईंधन का कृत्रिम अभाव पैदा किया या कालाबाजारी की, तो उनके खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पेट्रोल पंप (IOCL, BPCL, HPCL, रिलायंस, नायरा) और गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देशित किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। डीएम ने सख्त लहजे में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का बहाना बनाकर किसी भी दशा में ‘नो स्टॉक’ या ‘शून्य स्टॉक’ का प्रदर्शन न किया जाए।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने जिला पूर्ति अधिकारी और तेल कंपनियों के क्षेत्रीय समन्वयकों को कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। कहाकि उपभोक्ताओं से निर्धारित सरकारी मूल्य से एक पैसा भी अधिक न लिया जाए और घटतौली (कम मात्रा) पर सीधे एफआईआर दर्ज होगी। संचालक न तो स्वयं स्टॉक दबाकर रखेंगे और न ही किसी बिचौलिए को बढ़ावा देंगे। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी (DS0) को तेल कंपनियों के साथ निरंतर संवाद में रहने और स्टॉक की प्रतिदिन रिपोर्टिंग करने को कहा गया है।जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें। जनपद में ईंधन का पर्याप्त कोटा उपलब्ध है। यदि कोई संचालक अनियमितता करता है तो सीधे प्रशासन को सूचित करें।



