22, 24 और 25 अक्टूबर को वाराणसी में होगा एयर शो, चंदौली के घाटों पर उमड़ सकती है भारी भीड़,होटल फुल,18 सौ पुलिसकर्मियों की तैनाती

चंदौली,यूपी: वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य एयर शो को लेकर गंगा के उस पार चंदौली में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों के रोमांचक करतब देखने के लिए गंगा किनारे लाखों लोगों के जुटने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
जानकारी के मुताबिक, एयर शो के दौरान चंदौली की ओर गंगा तट पर 10 से 15 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों के आगमन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन के सामने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की आवाजाही सुचारु रखने की बड़ी चुनौती होगी।
1800 पुलिसकर्मियों की तैनाती, सादे कपड़ों में भी रहेगी निगरानी
एयर शो के मद्देनजर चंदौली में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 1800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। इनमें 66 इंस्पेक्टर और 225 सब इंस्पेक्टर शामिल होंगे। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी, सादे कपड़ों में 50 पुलिसकर्मी, 50 महिला पुलिसकर्मी और 250 होमगार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए जाएंगे।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 60 कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पुलिसकर्मी भीड़ की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहेंगे।
10 ब्लॉकों में बंटेंगे घाट, पांच प्रवेश मार्गों से होगी आवाजाही
गंगा किनारे घाटों पर संभावित भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए क्षेत्र को 10 ब्लॉकों में बांटकर भीड़ प्रबंधन की योजना बनाई गई है। दर्शकों की आवाजाही को नियंत्रित रखने के लिए पांच प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसका उद्देश्य लोगों को व्यवस्थित तरीके से घाटों तक पहुंचाना और भीड़ बढ़ने की स्थिति में अव्यवस्था से बचना है।
होटल फुल, अब घरों की छतों पर जगह तलाश रहे दर्शक
एयर शो को लेकर पड़ाव और रामनगर क्षेत्र में भी उत्साह चरम पर है। विमानों के करतब देखने के लिए दूर-दराज से आने वाले लोगों के कारण स्थानीय होटलों में कमरों की मांग बढ़ गई है। मिली जानकारी के अनुसार, पड़ाव के तीन और रामनगर के चार होटलों में 22 से 25 अक्टूबर तक कमरे उपलब्ध नहीं हैं।इतना ही नहीं, डोमरी गांव में गंगा किनारे स्थित घरों की छतों पर बैठकर एयर शो देखने के लिए भी लोग संपर्क कर रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस आयोजन को लेकर लोगों में कितना उत्साह है।
22 अक्टूबर पर टिकी निगाहें, प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती
एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना, यातायात को नियंत्रित करना, पार्किंग प्रबंधन और गंगा किनारे उमड़ने वाली भीड़ को संभालना पुलिस-प्रशासन के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं होगा।



