अमर उजाला अपराजिता के तहत प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में छात्राओं को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

कुरहना,चंदौली: कुरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में अमर उजाला के ‘100 मिलियन स्माइल अपराजिता’ अभियान के तहत छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नन्द बॉक्सिंग एकेडमी सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को आत्मरक्षा से जुड़ी विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के लिए जागरूक, सक्षम और आत्मविश्वासी बनाना रहा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नन्द बॉक्सिंग एकेडमी सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर की प्रशिक्षक एवं प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल की स्पोर्ट्स टीचर सुनीता कुमारी तथा चंदौली बॉक्सिंग एसोसिएशन और चंदौली कोबुडो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के जिला महासचिव एवं खेल प्रशिक्षक कुमार नन्दजी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को बताया कि किसी भी अप्रिय परिस्थिति में घबराने के बजाय सतर्कता, सूझबूझ और आत्मविश्वास के साथ अपनी सुरक्षा के लिए कदम उठाना आवश्यक है।

प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकों, खतरे को पहचानने, विपरीत परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने तथा प्रशिक्षकों ने बालिकाओं को नियमित अभ्यास के महत्व से भी अवगत कराया, ताकि वे शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त बन सकें।कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि आत्मरक्षा का ज्ञान केवल शारीरिक सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, साहस, जागरूकता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर दिवाकर यादव और डीन आरपी सिंह ने अमर उजाला तथा नन्द बॉक्सिंग एकेडमी सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर के प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताते हुए उनकी सराहना की।



