चंदौली में SDM अनुपम मिश्रा का पत्नी SDM दिव्या के साथ अनबन के बाद दहेज उत्पीड़न का आरोप

चंदौली : SDM दिव्या ओझा के पिता ने अपने SDM दामाद अनुपम मिश्रा पर नपुंसक होने का आरोप लगाया। कहा- झूठ बोलकर शादी की गई। वह जन्मजात नपुसंक है। बेटी जब इसपर सवाल उठाती तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते थे। दहेज में 20 करोड़ मांगने का भी आरोप लगाया।
पिता ने दामाद पर दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की कोशिश और अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रतापगढ़ के महिला थाने में केस दर्ज कराया। दिव्या ओझा सदर तहसील में तैनात हैं। अनुपम मिश्रा की तैनाती पीडीडीयू नगर तहसील में है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
शुकुलपुर के दहिलामऊ के निशाकांत ओझा की बेटी दिव्या ओझा 2017 बैच में पीसीएस अधिकारी बनीं। दिव्या की शादी प्रयागराज के नैनी क्षेत्र के एडीए कॉलोनी के अनुपम मिश्रा के साथ तय हुई। वह 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं।19 अक्टूबर 2020 को सगाई और 1 दिसंबर 2020 को दोनों की शादी हुई। शादी के 6 साल बाद दिव्या के पिता निशाकांत ने 17 मार्च को अनुपम मिश्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
दिव्या ओझा के पिता ने आरोप लगाया- शादी के पहले दामाद अनुपम मिश्रा, उसके पिता प्रमोद मिश्रा, मां शशि मिश्रा और बहनें पूजा पांडे और प्रीति पांडे ने मिलकर दहेज की मांग शुरू कर दी। शुरुआत में 20 करोड़ रुपए तक की मांग की गई, जो बाद में घटाकर 1 करोड़ नकद, लग्जरी होटल में शादी और महंगी गाड़ी तक पहुंची।



