कुरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति के वातावरण में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

चंदौली,यूपी: कुरहना स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल में देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने परेड, देशभक्ति नारों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विद्यालय के चेयरमैन सूर्यभान सिंह, उदयभान सिंह प्रधानजी एवं विद्यालय के डीन आर.पी. सिंह के आगमन से हुआ। मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों को विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च-पास्ट/परेड के साथ कार्यक्रम स्थल तक लाया गया।
विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथियों का स्वागत दीपमाला यादव,लता राजपूत, एवं शैल यादव ने तिलक लगाकर एवं बैज पहनाकर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शानदार परेड की प्रस्तुति दी। परेड के बाद मुख्य अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके पश्चात विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के बाद बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में डांस एवं मेकअप टीम, एंकरिंग एवं उद्घोषणा टीम, फोटोग्राफी टीम तथा अनुशासन समिति ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया।
कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सीटिंग अरेंजमेंट, रंगोली एवं सजावट, अतिथि स्वागत, जलपान, फ्लैग अरेंजमेंट, मैदान में अनुशासन तथा स्वीट डिस्ट्रीब्यूशन जैसी विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विद्यालय द्वारा अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। छात्र परिषद के सदस्यों एवं कक्षा मॉनिटर्स ने भी अनुशासन बनाए रखने में सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सूर्यभान सिंह तथा डीन आर.पी. सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता, अनुशासन, मेहनत और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य बच्चों के हाथों में है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। देशभक्ति, अनुशासन और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के लिए एक अविस्मरणीय अवसर बन गया।



