BDO नीरज कुमार की उपस्थिति में बारुण में मना राष्ट्रीय पर्व, बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा

बारुण,औरंगाबाद:स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बारुण प्रखंड के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में देशभक्ति और हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय एवं प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) बारुण परिसर सहित क्षेत्र भर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी महोदय ने विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर समारोह में भागीदारी दर्ज कराई और शिक्षकों व बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रीय पर्व के इस अवसर पर कन्या मध्य विद्यालय बारुण, मध्य विद्यालय प्रखंड मुख्यालय बारुण, मध्य विद्यालय इंगलिश, मध्य विद्यालय जनकोप, मध्य विद्यालय सिरिस, नवसृजित विद्यालय तेंदुआ, मध्य विद्यालय सोननगर, प्राथमिक विद्यालय विद्युत कॉलोनी, मध्य विद्यालय जगदीश पुर मध्य विद्यालय पौथू, मध्य विद्यालय महावीर गंज, प्राथमिक विद्यालय धनौती धरमपुरा एवं प्राथमिक विद्यालय रेड़िया सहित बारुण के सभी विद्यालयों में अत्यंत उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालयों में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, लोकनृत्य, नाटक और भाषण की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर विद्यालय स्तर पर आयोजित परीक्षाओं एवं वार्षिक परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रखंड कर्मी, अभिभावक और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



