अभिषेक गुप्ता ने बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर सप्लाई इंस्पेक्टर पद पर चयनित

बक्सर, बिहार: जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत दुधी पट्टी गांव निवासी स्वर्गीय भगवान गुप्ता (पूर्व शिक्षक) के पुत्र अभिषेक गुप्ता ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर सप्लाई इंस्पेक्टर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से सिमरी, दुधी पट्टी समेत पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।
अपने गृह क्षेत्र लौटने के दौरान अभिषेक गुप्ता जब मगध एक्सप्रेस से डुमरांव रेलवे स्टेशन पहुंचे तो युवाओं, शुभचिंतकों और समर्थकों ने फूल-मालाओं तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। स्टेशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर युवा नेता अभिषेक रंजन ने कहा कि अभिषेक गुप्ता की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। अभिषेक की उपलब्धि यह साबित करती है कि ग्रामीण परिवेश से आने वाले युवा भी अपनी मेहनत के दम पर बड़ी सफलताएं प्राप्त कर सकते हैं।
परिजनों एवं शुभचिंतकों ने बताया कि अभिषेक शुरू से ही मेधावी, अध्ययनशील और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे हैं। उनकी यह सफलता वर्षों की मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगी।स्वागत कार्यक्रम में युवा नेता दीपक यादव, अभिषेक रंजन, संटू मित्रा, मुखिया सिंह कुशवाहा, अंजनी गुप्ता, आशीष गुप्ता, राहुल सूर्यवंशी, डमडम राय, अंकित गुप्ता, धर्मेन्द्र केशरी, प्रकाश सिंह, राजा यादव सहित बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अभिषेक गुप्ता को बधाई देते हुए उनके सफल प्रशासनिक जीवन की मंगलकामनाएं दीं।



