पूर्व प्राचार्य एवं प्रख्यात शिक्षाविद् कौशल कुमार भारती द्वारा लिखित पुस्तक ‘मिट्टी से मंच तक’ का गरिमामय लोकार्पण

- पीडीडीयू,चंदौली:पीएम श्री केवी स्कूल में वरिष्ठ शिक्षाविदों की रही गरिमामय उपस्थिति इस अवसर पर कार्यक्रम में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या क्षमा सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य रेलवे इंटर कॉलेज अमरेंद्र कुमार, प्रभारी प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय चकिया मनीष कुमार पाण्डेय, वीरेंद्र कुमार भारती, सौरभ राज सहित भारी संख्या में शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
छात्रा श्रीजा ने संभाली मंच की कमान,कार्यक्रम का सफल संचालन एवं पुस्तक समीक्षा कक्षा 12-A की छात्रा सुश्री श्रीजा द्वारा किया गया। उन्होंने बहुत ही सुंदर ढंग से पुस्तक की विषयवस्तु, प्रेरक प्रसंगों तथा लेखक की शैक्षिक यात्रा पर प्रकाश डाला। समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्या श्रीमती क्षमा सिंह, श्री मनीष कुमार पाण्डेय, श्री अमरेंद्र कुमार तथा लेखक श्री कौशल कुमार भारती ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने इस कृति को एक शिक्षक से प्राचार्य तक की प्रेरक जीवन-यात्रा का सजीव दस्तावेज बताते हुए इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं समाज के लिए एक बेहतरीन और प्रेरणादायी कृति बताया।

35 वर्षों के अनुभवों का निचोड़ है पुस्तक,अपने भावुक संबोधन में लेखक श्री कौशल कुमार भारती ने कहा कि यह पुस्तक उनके 35 वर्षों के शिक्षकीय एवं प्रशासनिक अनुभवों, संघर्षों, स्मृतियों और जीवन-मूल्यों का एक विनम्र संकलन है। उन्होंने इस कृति को उन सभी विद्यार्थियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताया, जिन्होंने उनकी इस जीवन-यात्रा को सार्थक बनाया है।
अतिथियों को भेंट की गई हस्ताक्षरित प्रतियां,लोकार्पण कार्यक्रम के उपरांत लेखक ने पुस्तक की हस्ताक्षरित प्रतियां क्षमा सिंह,मनीष कुमार पाण्डेय,अमरेंद्र कुमार,वीरेंद्र कुमार भारती, श्रीजा, बृजभान राम, अमिताभ मिश्रा तथा सौरभ राज को सादर भेंट कीं। इसके साथ ही विद्यालय पुस्तकालय हेतु भी पुस्तक की एक प्रति प्रदान की गई।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का शानदार समापन हुआ।



