ब्रेकिंग न्यूज़

रामनगर की रामलीला में श्रीराम बनेंगे सीपीएस परशुरामपुर के छात्र अंश पांडे

चंदौली/वाराणसी,यूपी: सेंट्रल पब्लिक स्कूल, परशुरामपुर के लिए अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के छात्र अंश पांडे का चयन विश्वविख्यात रामनगर की रामलीला में भगवान श्रीराम की भूमिका के लिए किया गया है। व्यास समिति द्वारा चयनित अंश पांडे आगामी रामलीला में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का दिव्य स्वरूप धारण करेंगे। इस अवसर पर 1 अगस्त को काशी नरेश डॉ. अनंत नारायण सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत श्रीगणेश पूजन भी संपन्न हुआ, जिसके साथ इस वर्ष की रामलीला की आध्यात्मिक यात्रा का शुभारंभ हुआ।

रामनगर की रामलीला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अध्यात्म और लोकजीवन का जीवंत महाकाव्य मानी जाती है। यहाँ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की भूमिकाएँ निभाने वाले पात्रों को समाज श्रद्धाभाव से पूजता है। ऐसी मान्यता है कि कठोर सात्विक अनुशासन और साधना के कारण इन पात्रों में दैवीय चेतना का संचार होता है। वर्षों से इस रामलीला से जुड़ी अनेक आध्यात्मिक अनुभूतियाँ और चमत्कार जनश्रुतियों का हिस्सा रही हैं।

अंश पांडे के चयन पर उनके परिजनों ने इसे भगवान श्रीराम की विशेष कृपा और अपने परिवार का सौभाग्य बताया है। वहीं विद्यालय परिवार में भी उत्साह और गर्व का वातावरण है।

विद्यालय के सीएमडी डॉ. विनय कुमार वर्मा ने कहा- रामनगर की रामलीला में श्रीराम की भूमिका निभाना केवल अभिनय नहीं, बल्कि आध्यात्मिक साधना और सांस्कृतिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। पात्रों को सात्विकता, अनुशासन और संस्कारों के साथ तैयार किया जाता है। हमारे विद्यालय के छात्र का इस दिव्य भूमिका के लिए चयन पूरे विद्यालय परिवार, क्षेत्र और समाज के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।विद्यालय परिवार ने अंश पांडे को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल, सफल और प्रेरणादायी अभिनय की मंगलकामना की है।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button