लतीफ शाह-गांधीनगर मार्ग पर पिकनिक से लौट रहे ऑटो रिक्शा खाई में पलटी

चकिया,चंदौली: चकिया कोतवाली क्षेत्र के लतीफ शाह बांध पर शुक्रवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सैयदराजा से पिकनिक मनाने आए 8 लोग घर लौटते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार सैयदराजा निवासी शाहिद, नौशाद, सोनू, अजहरुद्दीन, ताहिर, एहसान, अजीम और कौसर लतीफ शाह बांध पर पिकनिक मनाने आए थे। शाम को ऑटो रिक्शा से वापस घर लौटते समय लतीफ शाह – गांधीनगर मार्ग पर अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जंगल की तरफ गहरी खाई में पलट गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि ऑटो घनी झाड़ियों में फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ऑटो में सवार सभी 8 लोगों को मामूली चोटें आई हैं और सभी की जान बाल-बाल बच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए रस्सी से ऑटो को बांधकर किसी तरह खाई से बाहर निकाला और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।स्थानीय लोगों ने बताया कि लतीफ शाह-गांधीनगर मार्ग पर मोड़ काफी खतरनाक है और शाम के समय विजिबिलिटी कम होने से इस तरह के हादसे आम हो चुकी है जो समय समय पर होते रहते है लेकिन जागरूकता तथा सावधानी से काफी हद तक घटना कम हो सकती है।



