ब्रेकिंग न्यूज़

लाइब्रेरी की आड़ में चल रहा था शेयर मार्केट ठगी का नेटवर्क:एसपी चंदौली

चंदौली,यूपी: बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के एक कथित नए मॉडल का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सराय रसूलपुर में “Readers Community Club” नाम से संचालित लाइब्रेरी की आड़ में कथित रूप से फर्जी Investment Advisory कॉल सेंटर चलाया जा रहा था। पुलिस ने मुख्य संचालक सहित कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, यहां मौजूद लोग मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए अलग-अलग लोगों से संपर्क कर खुद को शेयर मार्केट एवं स्टॉक मार्केट का जानकार और Investment Adviser बताते थे। ग्राहकों को अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा देकर उनके Demat और Trading Account की जानकारी हासिल की जाती थी। इसके बाद उनके खातों को कथित तौर पर अपने स्तर से हैंडल कर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, ट्रेडिंग में नुकसान होने की स्थिति में आर्थिक क्षति ग्राहक को उठानी पड़ती थी और नुकसान होने के बाद संबंधित मोबाइल नंबर बंद कर दिए जाते थे।पुलिस ने मौके से एक हस्तलिखित डायरी और दो रजिस्टर बरामद किए। इनके अवलोकन में करीब 250 लोगों के नाम, मोबाइल नंबर और शेयर मार्केट/ट्रेडिंग से संबंधित प्रविष्टियां मिलीं। पुलिस टीम ने डायरी में दर्ज कुछ नंबरों पर संपर्क किया, जिनमें से तीन लोगों ने शेयर मार्केट से जुड़ी गतिविधियों में करीब 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी या आर्थिक क्षति होने की जानकारी दी।

पुलिस कार्रवाई में कुल 24 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 42 सिम कार्ड, एक Seagate 250 GB हार्ड डिस्क, एक हस्तलिखित डायरी और दो रजिस्टर बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

मुख्य संचालक बताए जा रहे आनंद मौर्या को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुरतापुर काली माता मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से Apple और HP EliteBook के दो लैपटॉप तथा iQOO, iPhone और Lava कंपनी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आनंद मौर्या ने बताया कि उसकी टीम विभिन्न ग्राहकों के मोबाइल नंबरों पर फोन करके खुद को शेयर मार्केट का जानकार और Investment Adviser बताती थी। अधिक मुनाफे का भरोसा देकर ग्राहकों को विश्वास में लिया जाता था और फिर उनके Demat/Trading Account की जानकारी लेकर ट्रेडिंग की जाती थी। नुकसान होने के बाद संबंधित मोबाइल फोन बंद कर दिए जाते थे।पुलिस का कहना है कि मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का मोबाइल और लैपटॉप के जरिए काम करना तथा Share Market Clients, Account Handling, Profit/Loss, Membership और Sharing से संबंधित दस्तावेज मिलना इस पूरे नेटवर्क के संगठित रूप से संचालित होने की ओर इशारा करता है।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button