ब्रेकिंग न्यूज़

केशव उच्च विद्यालय में हिंदी दिवस समारोह, श्रुति,सान्या व अलका ने मारी बाजी

बारुण,औरंगाबाद:हिंदी दिवस समारोह-2026 के अवसर पर शुक्रवार को केशव उच्च विद्यालय, सोननगर के प्रांगण में प्रखंड स्तरीय हिंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बारुण ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक पहचान एवं अभिव्यक्ति की सशक्त भाषा है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं।प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भाषण प्रतियोगिता में उच्च माध्यमिक विद्यालय, हँसोरा की श्रुति कुमारी प्रथम, उच्च विद्यालय, सुन्दरगंज की आस्था कुमारी द्वितीय तथा जवाहर नवोदय विद्यालय की श्रुति कुमारी तृतीय रहीं।कविता पाठ में केशव उच्च विद्यालय, सोननगर की सान्या कुमारी प्रथम, जवाहर नवोदय विद्यालय की गुड़िया राज द्वितीय तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुन्दरगंज की चाँदनी कुमारी तृतीय रहीं।

वहीं निबंध प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय, बारुण की अलका कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जवाहर नवोदय विद्यालय, बारुण के अमन कुमार द्वितीय तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, मेह की लिफी कुमारी तृतीय रहीं।प्रखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्रुति कुमारी, सान्या कुमारी एवं अलका कुमारी आगामी 14 सितंबर को पूर्वाह्न 9 बजे आम्रपाली कला केंद्र, दानी बिगहा, औरंगाबाद में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बारुण प्रखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।कार्यक्रम के सफल संचालन में बीआरसी लेखापाल कुश कुमार, प्रखंड आईटी कोऑर्डिनेटर पीयूष कुमार एवं सुधीर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button