चंदौली प्रेस क्लब द्वारा राजभाषा संगोष्ठी एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन विंध्य वैली स्कूल में

चंदौली,यूपी:हिंदी दिवस के अवसर पर चंदौली प्रेस क्लब के तत्वावधान में विंध्य वैली पब्लिक स्कूल सभागार, डवक, बबुरी में राजभाषा संगोष्ठी एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में चंदौली के सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि और बीएचयू हिंदी विभाग के आचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि रहे।सांसद डॉ. वीरेंद्र सिंह ने हिंदी के बदलते स्वरूप पर चिंता जताते हुए कहा कि आज स्थिति यह है कि लोग हिंदी में एक साधारण आवेदन लिखने के लिए भी एप की मदद लेने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पहले बच्चे क से कबूतर लिखने के लिए मेहनत करते थे, लेकिन धीरे-धीरे वह अभ्यास खत्म होता जा रहा है।उन्होंने सदन में होने वाले हिंदी दिवस कार्यक्रमों का उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार हिंदी दिवस के कार्यक्रम का आमंत्रण भी अंग्रेजी में आता है और हिंदी में आमंत्रण आने पर भी हस्ताक्षर अंग्रेजी में किए जाते हैं। यह स्थिति आत्ममंथन का विषय है।
बीएचयू के आचार्य डॉ. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संवेदनाओं और विचारों की सशक्त अभिव्यक्ति है। नई पीढ़ी को हिंदी और अपनी भाषाई विरासत के प्रति जागरूक करने की जरूरत है।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष आनंद सिंह ने हिंदी को देश के माथे की बिंदी बताते हुए कहा कि हिंदी का सम्मान और उसका व्यापक प्रयोग हम सभी के सम्मान से जुड़ा है।इसके बाद हुई काव्य गोष्ठी में डॉ. सुरेश अकेला, अनु मिश्रा, रीना तिवारी, हास्य कवि डॉ. रोहित पांडेय और शायर सुहेल उस्मानी ने अपनी रचनाओं से माहौल को साहित्यिक रंग से सराबोर कर दिया। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में चंदौली प्रेस क्लब के अध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय,संदीप निगम, कृष्ण मोहन गुप्ता, आसाराम यादव, ब्रजेश कुमार, राजीव जायसवाल समेत क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, पत्रकार, साहित्यप्रेमी और बड़ी संख्या में श्रोता मौजूद रहे।



