सिगरा पुलिस ने 13 वर्षीय लापता बालिका को दशाश्वमेध घाट से बरामद किया

वाराणसी,यूपी: वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र से लापता हुई 13 वर्षीय बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, बालिका 20 सितंबर को अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी। परिजनों ने आसपास और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
23 सितंबर को परिजनों की ओर से सिगरा पुलिस को बालिका के लापता होने की सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकांत मिश्रा ने लल्लापुरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रीति गुप्ता को बालिका की तलाश के निर्देश दिए।पुलिस टीम ने CCTV फुटेज, सर्विलांस और अन्य संसाधनों की मदद से तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद 24 सितंबर को बालिका को दशाश्वमेध घाट से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।



