ब्रेकिंग न्यूज़

विद्या भारती के ‘नमामि भारत’ अभियान के तहत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन का आयोजन

मुजफ्फरनगर,यूपी: लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्या भारती के ‘नमामि भारत’ अभियान के तहत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण एवं विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों सहित नगर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन किया।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान की योजना के अनुरूप जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भारतीय स्टेट बैंक के सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक चेतन स्वरूप कक्कड, विशिष्ट अतिथि उद्योगपति भीमसैन कंसल, ब्यूरो चीफ आशु सिंह एवं प्रबंध समिति के पदाधिकारियों ने मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्जवलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया। वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने आगंतुक अतिथियों का परिचय कराया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने सामूहिक रूप से एक सुर एवं लय के साथ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सभी छह छंदों का शानदार गायन किया।

इस अवसर पर मुख्य वक्ता चेतन स्वरूप कक्कड़ ने अपने सम्बोधन में कहा कि ‘वंदे मातरम’ गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना को जाग्रत करने का काम किया था। आजादी के पश्चात वंदे मातरम को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त हुआ। संपूर्ण राष्ट्र राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम का सामूहिक गायन भारत की विविधता में एकता, राष्ट्रीय चेतना एवं स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत का स्मरण कराता है।

प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या भारती के ‘नमामि भारत’ अभियान का उद्देश्य नई पीढ़ी को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका एवं मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, त्याग, आत्मसम्मान एवं राष्ट्रीय एकता के भाव से जोड़ना है। विद्या भारती द्वारा विद्यार्थियों को वंदे मातरम की ऐतिहासिक यात्रा से परिचित कराया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश मित्तल ने की तथा संचालन महेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर डीएवी कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रोफेसर पीके अग्रवाल, एसडी गर्ल्स इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य मंजू अग्रवाल, जैन कन्या इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य सुधा मजूमदार, शब्द संसार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था की संस्थापक डॉ सविता वर्मा ‘गज़ल’, विद्यालय प्रबंधक बाल बहादुर, सह-प्रबंधक ज्ञानचंद संगल, कोषाध्यक्ष अजय कुमार जैन, प्रमोद कुमार तिवारी, प्रबंध समिति सदस्य भानुप्रताप अग्रवाल, अरविंद मित्तल, समाजसेवी एवं भाजपा जिलामंत्री ममता अग्रवाल, योगेश गुप्ता, सौरभ त्यागी, ब्रिजेश कुमार, अवर अभियंता अंकुर, अवर अभियंता मनदीप सैनी इत्यादि उपस्थित रहे।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button