कैनवास पर बिखरे समृद्ध भारत के रंग: बारुण में बच्चों ने भाषण और पेंटिंग से जीता दिल

बारुण,औरंगाबाद:प्रखंड संसाधन केंद्र, बारुण (औरंगाबाद) में शिक्षा विभाग के तत्वावधान में “मेरे सपनों का भारत” विषय पर प्रखंड स्तरीय पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, बारुण नीरज कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर कुश कुमार (लेखापाल), लाल बहादुर (बीआरपी-IE) पीयूष कुमार (ब्लॉक आईटी समन्वयक) तथा सुधीर यादव सहित कई विभागीय कर्मी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी तूलिका और रंगों के माध्यम से विकसित व समृद्ध भारत की सुंदर परिकल्पना को कैनवास पर उकेरा। वहीं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने ओजस्वी विचारों के जरिए देश के विकास और अपने सपनों के भारत का विजन प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष मूल्यांकन हेतु गठित निर्णायक मंडल में चित्रकला के लिए श्री अनिल कुमार (केशव उच्च विद्यालय, बारुण), श्री शशि अग्रवाल (राजकृत सिरिस हाई स्कूल) व रूही परवीन (उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदीशपुर) शामिल थे, जबकि भाषण प्रतियोगिता के लिए पिंकी ठाकुर (उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मेह, बारुण), विद्या सिंह (उच्च माध्यमिक विद्यालय, टेंगरा) तथा श्री शशि अग्रवाल (राजकृत सिरिस हाई स्कूल) ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार, भाषण (वर्ग 9 से 12) में उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पौथू की अंजली कुमारी (वर्ग 10) प्रथम, उच्च माध्यमिक विद्यालय जनकोप की सपना कुमारी (वर्ग 9) द्वितीय तथा उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिठनुआ की पूजा कुमारी (वर्ग 9) तृतीय स्थान पर रहीं। चित्रकला (वर्ग 9 से 12) में उच्च माध्यमिक विद्यालय काजीचक के आयुष कुमार प्रथम, केशव उच्च विद्यालय बारुण की जागृति कुमारी द्वितीय तथा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय पौथू की पुष्पा कुमारी तृतीय रहीं। वहीं चित्रकला (वर्ग 1 से 8) में मध्य विद्यालय सिमरा की मीरा कुमारी ने प्रथम, मध्य विद्यालय जनकोप की मोहनी कुमारी ने द्वितीय एवं मध्य विद्यालय सोननगर की श्रुति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन शिक्षिका रूही परवीन द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केशव उच्च विद्यालय की प्रधानाध्यापिका प्रमिला कुमारी ने प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में बीर विजय, सत्यनारायण यादव, पवन कुमार पाल, मनीष कुमार, सीमा कुमारी, पिंकी कुमारी, हितेंद्र कुमार, शशिभूषण कुमार, भरत सिंह, सत्येंद्र कुमार, प्रियंका शर्मा, अनीश कुमार चौधरी, अमर कुमार, हारून रशीद, पुरुषोत्तम स्वर्णकार, बबिता कुमारी एवं अनिल कुमार दुबे सहित कई अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही।



