मुजफ्फरनगर द एस.डी. स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम में एसपी द्वारा किया गया जागरूक

मुजफ्फरनगर,यूपी: जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आमजन को साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार 07 अक्टूबर को एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ द्वारा नगर के जानसठ रोड पर स्थित द एस.डी. पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या नीलम माहना द्वारा एसपी क्राइम को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में एसपी क्राइम द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्कूल स्टाफ को बीओएसएस स्कीम, जिप फाइल फ्रॉड, ओटीपी फ्रॉड, गेमिंग फ्रॉड सहित विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी देते हुए साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के प्रति सचेत किया गया। विशेष रूप से ऑनलाइन गेमिंग के दौरान फर्जी लिंक, इनाम/रिवार्ड का लालच, फर्जी गेमिंग ऐप एवं वेबसाइट तथा गेम में पैसे लगाने के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध जिप फाइल अथवा अज्ञात फाइल/एप्लीकेशन को डाउनलोड न करें तथा किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी पिन नंबर, सीवीवी पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक प्रयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों अथवा पुलिस को देने हेतु प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अपराध द्वारा छात्र-छात्राओं को स्वयं साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिजनों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।



