ऑपरेशन उपलब्ध के तहत टिकट दलाली पर कार्रवाई के दौरान ब्रह्मपुर का विकास कुमार गिरफ्तार

बक्सर,बिहार: त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच टिकटों की कालाबाजारी और अवैध दलाली पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आरपीएफ बक्सर की टीम ने गुरुवार को रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर अभियान चलाकर एक युवक को तत्काल आरक्षण टिकट के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवक की पहचान ब्रह्मपुर निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशनों के आरक्षण काउंटरों पर अवैध टिकट दलाली रोकने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन उपलब्ध’ के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को रघुनाथपुर स्टेशन के टिकट काउंटर पर निगरानी और छापेमारी के दौरान युवक को पकड़ा गया। उसके पास से अग्रिम यात्रा तिथि का स्लीपर श्रेणी का एक तत्काल आरक्षण टिकट बरामद हुआ।
आगामी त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए टिकटों की कालाबाजारी और अवैध टिकट दलाली पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके लिए विशेष टीम गठित कर रेलवे स्टेशनों के टिकट आरक्षण काउंटरों पर निगरानी और छापेमारी की जा रही है।इस अभियान में उपनिरीक्षक विजेंद्र मुवाल, उपनिरीक्षक विष्णु शंकर ओझा, आरक्षी दीपक कुमार और आरक्षी सोनालाल यादव शामिल रहे।



