डेहरी-ऑन-सोन स्टेशन पर महिला यात्री का पर्स और मोबाइल के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

डेहरी ऑन सोन,बिहार: दुर्गा पूजा के मद्देनजर चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत आरपीएफ डेहरी ऑन सोन की टीम ने 10 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर पूर्वी फुट ओवरब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। उसकी पहचान अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के मधुरामपुर निवासी गोलू कुमार (23) के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से एक लेडीज पर्स, दो मोबाइल फोन, 1,100 रुपये नकद, कॉस्मेटिक सामान और दवाएं बरामद हुईं। जब्त सामान की अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।
यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त डीडीयू दिनेश सिंह तोमर के निर्देशन और आरपीएफ पोस्ट डेहरी ऑन सोन के प्रभारी निरीक्षक राज किशोर कच्छवाहा के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक शोभनाथ राम, प्रधान आरक्षी मुकेश कुमार दुबे और आरक्षी उमेश कुमार सिंह शामिल थे। आरोपी को जब्त सामान और लिखित शिकायत के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी डेहरी ऑन सोन को सौंप दिया गया।



