भारतीय संस्कृति छठ ने फ्रांस से काशी खींच लाई लिया को,साड़ी पहनकर गंगा घाट पर की छठ पूजा

वाराणसी,यूपी: धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में छठ महापर्व के दौरान भारतीय संस्कृति और विदेशी आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। फ्रांस से वाराणसी पहुंचीं लिया ने बबुआ पांडेय घाट पर पारंपरिक भारतीय वेशभूषा में छठ पूजा की। नारंगी और महरून रंग की साड़ी, माथे पर सिंदूर और लाल तिलक लगाए लिया स्थानीय महिलाओं के साथ पूरी श्रद्धा से पूजा-अर्चना करती नजर आईं।
भगवान महादेव की भक्त लिया ने बताया कि उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति गहरी रुचि है। इसी आकर्षण के चलते वह विशेष रूप से छठ महापर्व में शामिल होने काशी पहुंचीं।
उन्होंने छठ पर्व को सूर्य देव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महान पर्व बताया। उनका कहना था कि सूर्य जीवन और ऊर्जा के आधार हैं तथा यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार प्रकट करने का संदेश देता है।विदेशी महिला द्वारा भारतीय परंपराओं को पूरे श्रद्धाभाव से अपनाने की यह तस्वीर काशीवासियों के बीच आकर्षण और चर्चा का विषय बनी हुई है।



