एसएसपी ने किया मेरठ जोन क्रिकेट प्रतियोगिता जीतने वाली टीम का सम्मान

मुजफ्फरनगर, यूपी: मेरठ जोन की क्रिकेट प्रतियोगिता जीतने वाली मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सम्मान किया है। जनपद की पुलिस क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में जनपद हापुड़ पुलिस टीम को 13 रनों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
मेरठ जोनल क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार विजय प्राप्त करने वाली मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम को सोमवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा सम्मानित किया गया। एडीजी मेरठ भानु भास्कर के निर्देशन में मेरठ जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजित हुई। प्रतियोगिता में मेरठ ज़ोन के जनपद- मेरठ, बागपत, बुलन्दशहर, हापुड़, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली की पुलिस टीमों ने प्रतिभाग किया। पूरे टूर्नामेंट में मुख्य आरक्षी मनीष राणा के कुशल नेतृत्व एवं टीम की उत्कृष्ट खेल भावना के दम पर मुजफ्फरनगर पुलिस क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में जनपद हापुड़ पुलिस टीम को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। सोमवार को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस कार्यालय में विजेता टीम को इस अद्वितीय उपलब्धि हेतु हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की। साथ ही खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाते हुए पूरी टीम को नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।



