मनोरंजन

प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने चौपाल महोत्सव में चारों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया

पीडीडीयू,चंदौली: चंदौली जनपद के पीडीडीयू नगर स्थित चौपाल सागर प्रबंधन द्वारा आयोजित “चौपाल महोत्सव” में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के प्रतिभाशाली छात्रों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत और नृत्य की सभी चारों प्रमुख श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूर्ण क्लीन स्वीप करते हुए विद्यालय का नाम पूरे क्षेत्र में गौरवान्वित किया।

इस सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने ग्रुप डांस, सोलो डांस, ग्रुप सॉन्ग तथा सोलो सॉन्ग सभी श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट कला, आत्मविश्वास और टीम भावना का शानदार परिचय दिया।ग्रुप डांस (प्रथम स्थान) में विद्यालय की छात्राएँ श्रृष्टि, साक्षी यादव, पारियाथी, रानी, पूजा तथा अंशु ने मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया।सोलो डांस (प्रथम स्थान) में साक्षी यादव ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार ग्रुप सॉन्ग (प्रथम स्थान) में नीलम यादव, तान्या यादव, रिया शर्मा, अवंतिका सिंह, स्वेता पाल तथा सालिनी ने सामूहिक गायन की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर प्रतियोगिता में बाजी मारी।वहीं सोलो सॉन्ग (प्रथम स्थान) में नीलम यादव ने अपनी मधुर आवाज और प्रभावशाली गायन से सभी को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

विद्यालय के इन प्रतिभाशाली छात्रों को संगीत शिक्षक राजेश यादव एवं कौशल राय द्वारा विशेष मार्गदर्शन और प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उनके अथक परिश्रम, समर्पण और निरंतर अभ्यास का ही परिणाम है कि विद्यार्थियों ने मंच पर इतनी शानदार प्रस्तुति देकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार द्विवेदी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा “जब प्रतिभा को सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का साथ मिलता है, तब उत्कृष्टता अपने आप जन्म लेती है। आज हमारे विद्यार्थियों ने केवल प्रतियोगिता नहीं जीती है, बल्कि एक नया इतिहास रचकर पूरे प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल परिवार का मान बढ़ाया है।”

विद्यालय के निदेशक दिवाकर यादव ने भी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की प्रतिभा, परिश्रम और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी छात्र इसी प्रकार नई ऊँचाइयों को प्राप्त करते रहेंगे।वहीं विद्यालय के डीन श्री आर.पी. सिंह ने भी सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें आगे भी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहने के लिए प्रेरित किया।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button