मुजफ्फरनगर में नेट बॉल प्रतियोगिता में आए खिलाड़ियों को एसपी क्राइम ने किया जागरूक

मुजफ्फरनगर,यूपी: मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण एवं नवरात्रि सप्ताह के अंतर्गत चलाए जा रहे जनजागरूकता महिला सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत बुढ़ाना में आयोजित जूनियर नेशनल मिक्सड नेटबॉल प्रतियोगिता के अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुजफ्फरनगर जनपद के बुढ़ाना में श्रीप्यारे जी महाराज स्पोर्ट्स एकेडमी में आयोजित मिक्स्ड नेटबाॅल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न 24 राज्यों (उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल व दिल्ली) से आए हुए खिलाड़ियों को एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ द्वारा संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है तथा इसके लिए मिशन शक्ति अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने हेतु प्रेरित किया गया। एसपी क्राइम द्वारा खिलाड़ियों को आत्मरक्षा के प्रति सजग रहने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं किसी भी प्रकार के उत्पीड़न एवं अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस दौरान प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों, कोचों एवं आयोजकों द्वारा कार्यक्रम की सराहना की गई तथा पुलिस विभाग के इस प्रयास को महिला सुरक्षा की दिशा में सराहनीय पहल बताया गया।



