मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में आयोजित आर्ट ऑफ़ लिविंग का 3 दिवसीय योग ध्यान प्रणायाम शिविर संपन्न

मुजफ्फरनगर,यूपी: मुजफ्फरनगर जनपद के रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षु आरक्षियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम का रविवार को समापन हुआ। एसएसपी संजय कुमार वर्मा की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय के निर्देशन में चले इस शिविर में 450 प्रशिक्षु आरक्षियों ने योग, ध्यान और प्राणायाम का कड़ा अभ्यास किया।
मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में तीन अप्रैल से शुरू हुए इस आर्ट ऑफ लिविंग के इस तीन दिवसीय हैप्पीनेस कार्यक्रम के समापन सत्र में आरक्षियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और शवासन जैसे महत्वपूर्ण योग आसनों का अभ्यास कराया गया। डॉ. नीलम राय ने आरक्षियों को बताया कि पुलिस सेवा जैसी चुनौतीपूर्ण ड्यूटी में मानसिक संतुलन व आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए नियमित रूप से योगाभ्यास करना अपरिहार्य है। उन्होंने तनाव प्रबंधन और एकाग्रता बढ़ाने के लिए नियमित प्राणायाम पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए एक प्रेरणादायक और जनहितकारी कदम बताया।



