जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप विजेताओं का दिलदारनगर स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

गाजीपुर,यूपी: ओडिशा के खुरदा रोड स्थित के.टी. ग्लोबल स्कूल में आयोजित जूनियर नेशनल किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटे गाजीपुर के खिलाड़ियों का दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ गाजीपुर के पदाधिकारी, खिलाड़ी, अभिभावक एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
स्वागत समारोह के दौरान खिलाड़ियों को फूल-मालाएं पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर सभी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शिल्पा यादव (स्वर्ण पदक), अयान खान (रजत पदक), विशाखा यादव (कांस्य पदक), शिवांश विश्वकर्मा (कांस्य पदक), एम.डी. अदनान (कांस्य पदक), प्रियांशु राय (कांस्य पदक), एम.डी. इरशाद अरबाज खान (कांस्य पदक) तथा अभिषेक कुमार (कांस्य पदक) शामिल रहे।
इस अवसर पर टीम के कोच देवेंद्र प्रसाद प्रजापति तथा किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ गाजीपुर के महासचिव एम.डी. अब्दुल सलाम भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर गाजीपुर का नाम रोशन किया है।



