7वीं UMAI नेशनल मुआयथाई चैंपियनशिप में सेवराई तहसील के खिलाड़ियों का दबदबा

गाजीपुर,यूपी: उत्तराखंड के नैनीताल स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी में 1 से 4 जून तक आयोजित 7वीं (UMAI) राष्ट्रीय मुआयथाई चैंपियनशिप में सेवराई तहसील सहित गाजीपुर जनपद के 13 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र एवं जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खिलाड़ियों ने कुल 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 7 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के 44 किलोग्राम भार वर्ग में शुभांशी सिंह (सेवराई), पुत्री डब्लू सिंह तथा 54 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में आरुषि सिंह (त्रिलोकपुर) ने स्वर्ण पदक जीतकर जनपद को गौरवान्वित किया।वहीं 52 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में ईशु सिंह (देवल), पुत्री विपुल सिंह एवं कृतिक राजभर (सायर) ने रजत पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा सब-जूनियर वर्ग के विभिन्न भार वर्गों में प्रियांशी सिंह (धनाड़ी), शान्वी गुप्ता (दिलदारनगर), आरुषि सिंह (अरंगी), ओमजी सिंह (सेवराई), प्रतीक कुमार (सेवराई), सुपौत्र बेचन मास्टर तथा कैफ अंसारी (सतरामगंज, भदौरा), पुत्र नौशाद अंसारी ने कांस्य पदक जीतकर जिले की झोली में पदक जोड़े, अनुज कुमार गुप्ता (सतरामगंज, भदौरा), पुत्र शशिकांत गुप्ता ने जूनियर वर्ग के 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों एवं 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उत्तर प्रदेश की टीम के 72 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल सेकेंड रनर-अप ट्रॉफी अपने नाम की।उल्लेखनीय है कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ी सनबीम स्कूल, दिलदारनगर के छात्र-छात्राएं हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के चेयरमैन, निदेशक, प्रधानाचार्य, कोऑर्डिनेटर तथा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कोच शशि भूषण सिंह (दिपु) ने इसकी जानकारी दी।



