आजमगढ़ में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को एसएसपी ने दी विदाई

आजमगढ़,यूपी : पुलिस लाइन में सोमवार को पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए चार पुलिसकर्मियों के सम्मान में सेवा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
एसएसपी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा देने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, जबकि समाज और राष्ट्र के प्रति उनके अनुभव एवं योगदान का महत्व हमेशा बना रहता है।समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में निरीक्षक ना.पु. अभय राज मिश्रा, उपनिरीक्षक ना.पु. सभाजीत, उपनिरीक्षक ना.पु. चन्द्रमा राम एवं मुख्य आरक्षी चालक नरेश चन्द शामिल रहे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षणाधीन) ईश्वर गुज्जर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और सम्मानपूर्ण जीवन की मंगलकामना की।



