खेल

टी20 फाइनल में कश्मीर की ए.के. अकादमी बनी विजेता

यूपी/कश्मीर: 15 से 18 सितंबर तक मटन अनंतनाग क्रिकेट स्टेडियम और सीर स्पोर्ट्स काउंसिल के मैदान में आयोजित ‘जूनियर टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट’ के खिताबी मुकाबले में ए.के. क्रिकेट एकेडमी अनंतनाग ने पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली को 30 रनों से परास्त किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अनंतनाग की टीम ने आधान तस्लीम की 34 गेंदों में 60 रनों की आतिशी पारी के दम पर 172 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, जवाब में पूर्वांचल स्पोर्ट्स के स्पिन जादूगर किशन ने अपनी फिरकी का जाल बुनते हुए मात्र 16 रन देकर 5 बहुमूल्य विकेट चटकाए, जबकि अंश और जूनियर हुसैन ने 2-2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्वांचल की टीम को सलामी बल्लेबाज प्रिंस (14) और आशीर खान (26) ने 6 ओवर में 46 रन जोड़कर सधी हुई शुरुआत दी, जिसके बाद फतेह सिंह (44) और मौर्य (23) ने अपने अद्भुत जज्बे से संघर्ष जारी रखा, किंतु कड़े रन रेट के दबाव में टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 142 रन ही बना सकी; कश्मीरी गेंदबाज हाज़िम ने 3 और मोहम्मद कैफ ने 2 विकेट चटकाए। यद्यपि खिताबी जीत की बाजी हाथ से निकल गई, फिर भी पूर्वांचल के रणबांकुरों ने अपनी धारदार गेंदबाजी और जुझारू खेल से घाटी में अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराकर हर खेल प्रेमी का दिल जीत लिया। पूर्व क्रिकेटर लाल जी और माजिद मागरे (दिव्यांग इंडिया प्लेयर) के मुख्य आतिथ्य में संपन्न इस भव्य आयोजन में शानदार गेंदबाजी के लिए पूर्वांचल के किशन को ‘बेस्ट बॉलर’, अवान जाफरी को ‘बेस्ट फील्डर’ तथा आधान तस्लीम को ‘बेस्ट बैटर’ चुना गया। आयोजक ओला वियाखे के सफल आयोजन में हेड कोच शौजब हुसैन, बैटिंग कोच सम्राट मौर्य और बॉलिंग कोच शबी जाफरी के मार्गदर्शन में टीम का यह प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा, जिसकी जानकारी मीडिया प्रभारी विभाष श्रीवास्तव ने दी।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button