पुलिस अधीक्षक चन्दौली द्वारा कस्बा मुगलसराय में पैदल गश्त

चन्दौली,यूपी:आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल द्वारा क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरूण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव एवं थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के साथ 17 सितम्बर 2026 को कस्बा मुगलसराय क्षेत्र में पैदल गश्त कर प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश-निरीक्षण के दौरान सब्जी मंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क तथा फुटपाथ पर कुछ स्थानों पर सामान रखा हुआ पाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मौके पर ही सामान को हटवाकर रास्ते को आवागमन के लिए सुगम कराया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों से विनम्रतापूर्वक अपील की गई कि वे अपनी दुकान का सामान निर्धारित स्थान के अंदर ही रखें और सड़क अथवा फुटपाथ पर सामान न रखें, ताकि आमजन को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए है-पुलिस अधीक्षक द्वारा स्पष्ट किया गया कि फुटपाथ पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है। इसलिए सभी दुकानदार एवं व्यापारी सहयोग करते हुए फुटपाथ पर दुकान, ठेला अथवा अन्य सामान लगाकर पैदल आवागमन को बाधित न करें।
फुटपाथ खाली रहने से बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों तथा अन्य पैदल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन में मदद मिलती है। सभी से अपील की गई कि वे फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए खाली रखें। पुनः अतिक्रमण न करने की अपील- स्थानीय पुलिस एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि बाजार क्षेत्र में सड़क एवं फुटपाथ की नियमित निगरानी की जाए तथा दुकानदारों से संवाद कर उन्हें अतिक्रमण से बचने के लिए जागरूक किया जाए।सभी दुकानदारों एवं व्यापारियों से अपील की गई कि एक बार हटाए गए अतिक्रमण को दोबारा न किया जाए। यदि बार-बार अतिक्रमण किए जाने से यातायात अथवा आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आमजन एवं व्यापारियों से सहयोग की अपील-* चन्दौली पुलिस द्वारा सभी दुकानदारों, व्यापारियों एवं आमजन से अपील की गई कि सड़क एवं फुटपाथ को साफ एवं अतिक्रमणमुक्त रखने में सहयोग करें। अपने सामान को दुकान की सीमा के भीतर रखें और फुटपाथ को पैदल यात्रियों के लिए खाली रखें।चन्दौली पुलिस का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। इस कार्य में सभी के सहयोग से बाजारों में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।



