नन्द बॉक्सिंग एकेडमी की पहल को एसपी आकाश पटेल ने सराहा,भेजा बधाई संदेश

चंदौली,यूपी: रक्षाबंधन के अवसर पर नन्द बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों द्वारा चंदौली पुलिस अधीक्षक समेत समस्त पुलिसकर्मियों को राखी एवं शुभकामना संदेश पत्र देकर रक्षाबंधन की बधाई दी गई थी। खिलाड़ियों ने पुलिसकर्मियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया था।
खिलाड़ियों की इस अनूठी पहल से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने नन्द बॉक्सिंग एकेडमी के नाम अपना बधाई एवं शुभकामना संदेश भेजा। एसपी का यह संदेश बाकले चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर शिवपूजन बिंद ने स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली तथा नन्द बॉक्सिंग एकेडमी के सचिव एवं कोच कुमार नन्द जी को सौंपते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अभिषेक दुबे, अमित कुमार यादव, सुनील कुमार गुप्ता एवं दीपक मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। एसपी चंदौली की ओर से भेजे गए इस संदेश से एकेडमी के खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों में खुशी का माहौल रहा।
गौरतलब है कि नन्द बॉक्सिंग एकेडमी चंदौली जनपद में बॉक्सिंग प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। एकेडमी के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। इसके अलावा एकेडमी से प्रशिक्षण प्राप्त कई खिलाड़ी आज पुलिस, सेना एवं खेल शिक्षक के रूप में देश और समाज की सेवा कर रहे हैं।पुलिस अधीक्षक की ओर से मिले इस प्रोत्साहन को एकेडमी के खिलाड़ियों ने अपने लिए सम्मान के साथ-साथ आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा बताया।



