राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO के रूप में एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर मुहर लगी

अयोध्या,यूपी: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के प्रशासन और संचालन को लेकर बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। ट्रस्ट की अहम बैठक में भारतीय वायुसेना के पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO नियुक्त करने के फैसले पर मुहर लगा दी गई।
राम मंदिर के निर्माण के बाद अब मंदिर परिसर के बढ़ते प्रशासनिक, संचालनात्मक और प्रबंधन संबंधी कार्यों को व्यवस्थित करने के लिए पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जितेंद्र मिश्रा का सैन्य सेवा का लंबा अनुभव और नेतृत्व क्षमता अब राम मंदिर की व्यवस्थाओं में उपयोग होगी।
पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना में करीब चार दशक तक सेवाएं दे चुके हैं। उनके करियर में कई महत्वपूर्ण सैन्य जिम्मेदारियां शामिल रही हैं। वह कारगिल युद्ध के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका में रहे और बाद में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायु कमान की कमान संभाल चुके हैं।सैन्य क्षेत्र में योजना, संचालन, नेतृत्व और बड़े स्तर पर व्यवस्थाओं को संभालने का उनका अनुभव राम मंदिर ट्रस्ट के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब उनके सामने मंदिर परिसर के प्रशासनिक संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी होगी।



