आलमपुर जाफराबाद में चतुर्थ मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा संपन्न

बरेली,यूपी: खेल जगत फाउंडेशन बरेली के तत्वावधान में सुशीला जगदीश चित्रांश इंटर कॉलेज, आलमपुर जाफराबाद में चतुर्थ मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा का आयोजन बालक एवं बालिका वर्ग में किया गया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खो-खो, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, दौड़ और टेनिस बॉल क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल में चित्रांश इंटर कॉलेज की टीम विजेता रही, जबकि कबड्डी में गेनी की टीम ने जीत हासिल की। एथलेटिक्स स्पर्धाओं में 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से विपिन, आयुष पाल और अंकित तथा बालिका वर्ग से पिंकी, मोनिका और सुधा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में मोहित गुर्जर, अमित और अतुल ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि 400 मीटर दौड़ में शिवम विजेता रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी पंडित शिव शंकर शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस अवसर पर मेजर ध्यानचंद के जीवन, खेल के प्रति उनके समर्पण और देश के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।
आयोजक रतन कुमार गुप्ता ने कहा कि इस स्पर्धा का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।कार्यक्रम में सुशीला जगदीश चित्रांश इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रवीण कुमार सक्सेना, रामबरन सिंह मोदी इंटरनेशनल स्कूल के पुष्पेंद्र कुमार, जयप्रकाश शर्मा, नीरज उपाध्याय, अरुण कुमार, राहुल, अजय कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला।



