मुजफ्फरनगर में एसपी सिटी ने “ऑपरेशन चक्रवात” के तहत अपराध से दूर रहने एवं अच्छा नागरिक बनने की शपथ दिलाई

मुजफ्फरनगर,यूपी: जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन एवं एसपी सिटी अमृत जैन के नेतृत्व में नगर जोन में विशेष अभियान “ऑपरेशन चक्रवात” चलाया जा रहा है। इस “ऑपरेशन चक्रवात” के अन्तर्गत नगर जोन के सभी थानों पर पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे पुराने अपराधियों को थाने पर बुलाकर उनका सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही उनकी वर्तमान गतिविधियों एवं अन्य आवश्यक विवरणों की जानकारी एकत्र कर डोजियर भरवाए जा रहे हैं तथा उनका सुव्यवस्थित डाटाबेस तैयार किया जा रहा है, जिससे उनकी गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
इसी क्रम में गुरुवार 29 अक्टूबर को एसपी सिटी अमृत जैन थाना खालापार पहुंचे, जहां उनके द्वारा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त न होने के लिए सख्त हिदायत दी गई। इस दौरान उन्होंने सभी से संवाद करते हुए अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा एक जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक के रूप में जीवन व्यतीत करने के लिए प्रेरित किया। एसपी सिटी द्वारा सभी को समझाया गया कि अपराध की राह पर चलकर न केवल उनका स्वयं का भविष्य प्रभावित होता है, बल्कि उनके परिवार को भी सामाजिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए आवश्यक है कि वे पूर्व की गलतियों से सीख लेते हुए अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं तथा कानून का पालन करते हुए सम्मानजनक जीवन व्यतीत करें। उन्होंने विशेष रूप से नशे से दूर रहने की हिदायत दी। इस अवसर पर पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों को अपराध से दूर रहने, नशे का सेवन न करने, पुराने अपराधों अथवा उनकी पैरवी के संबंध में कोई नया अपराध न करने, कानून का पालन करने तथा एक अच्छा एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।



