ब्रेकिंग न्यूज़

मऊ में आवासीय कॉलोनी के मकान से 10.78 लाख के अवैध पटाखे बरामद, एक गिरफ्तार

मऊ,यूपी: दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के मुसरदह मोड़ के पास स्थित एक आवासीय कॉलोनी के मकान से पुलिस ने करीब 768 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 10 लाख 78 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आगामी दीपावली त्योहार के मद्देनजर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली नगर पुलिस कार्रवाई कर रही थी।गुरुवार 29 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुसरदह मोड़ के पास एक मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां 18 बड़े कार्टूनों में रखे तेज आवाज वाले बम और पटाखे बरामद हुए। इनका कुल वजन करीब 768 किलोग्राम बताया गया है।

पुलिस ने मौके से दीपक कुमार (22), पुत्र सुरेंद्र प्रसाद, निवासी ग्राम मुसरदह, थाना कोतवाली नगर, जनपद मऊ को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमेन्द्र कुमार सिंह, भीटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश कुमार सहित पुलिसकर्मी सत्येंद्र यादव, अमरेश सिंह, ऋषिकेश और अवनीश यादव शामिल रहे।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button