वाराणसी में खाकी व बदमाशों के बीच मुठभेड़, ATS प्रशिक्षित सिपाही घायल

वाराणसी,यूपी: जिले में बदमाशों के दुस्साहस का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर शाम करीब 8:30 बजे लंका थाना क्षेत्र के नरिया चौराहे के आगे अशुतोष नगर इलाके में अवैध असलहों की बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान ATS से प्रशिक्षण प्राप्त सिपाही अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। एक गोली उनके हाथ में, जबकि दो गोलियां पीठ के ऊपरी हिस्से में लगीं। गंभीर रूप से घायल सिपाही को तत्काल BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
डीसीपी गौरव बंसवाल के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध असलहों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर लंका थाने की क्राइम ब्रांच टीम के चार जवान मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई और पीछा करने के दौरान मुख्य आरोपी राज विश्वकर्मा के दाहिने पैर में गोली लगी। उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा करते हुए लोहता तक घेराबंदी की। इस दौरान आरोपियों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
प्रयागराज के रहने वाले हैं घायल सिपाही अमित शुक्ला: घायल सिपाही अमित शुक्ला मूल रूप से प्रयागराज के लूकरगंज के निवासी हैं। वह पिछले तीन वर्षों से वाराणसी के लंका थाने में तैनात हैं। इससे पहले वह वाराणसी की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) में भी काम कर चुके हैं। उन्हें आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) से प्रशिक्षण भी प्राप्त है।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने घटनास्थल और BHU ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा घायल सिपाही अमित शुक्ला के उपचार और स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया।फिलहाल घायल सिपाही का BHU ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।



