ब्रेकिंग न्यूज़

बखरा ग्राम पंचायत में सड़क पर बह रहा नाली का गंदा पानी, ग्रामीण परेशान

नियामताबाद,चंदौली: परिषदीय विद्यालय के समीप वर्षों से बनी समस्या, जलनिकासी व्यवस्था बाधित होने से सड़क पर जमा हो रहा गंदा पानी।नियमताबाद ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत बखरा में नाली का गंदा पानी सड़क पर बहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय परिषदीय विद्यालय के समीप सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने से आवागमन मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई वर्षों से शिकायत की जा रही है, लेकिन आज तक जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर नहीं गया।

ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, उसके नजदीक ही एक परिषदीय विद्यालय भी संचालित है। ऐसे में विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव और गंदगी के कारण आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर पानी बहने का मुख्य कारण भूमिगत सीवर लाइन का समुचित निर्माण न होना और बगल में स्थित तालाब की जलनिकासी व्यवस्था बाधित होना है। बताया जा रहा है कि तालाब पूरी तरह से जाम हो चुका है, जिसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और नाली का पानी सड़क पर फैल रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया गया था, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों के विरोध और मार्ग को लेकर विवाद होने के कारण निर्माण कार्य नहीं हो सका। विवादित मार्ग के चलते ग्राम प्रधान भी चाहकर समस्या का स्थायी समाधान नहीं करा पा रहे हैं।ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मामले का स्थलीय निरीक्षण कर विवाद का समाधान कराया जाए तथा नाली और तालाब की जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कर सड़क पर बह रहे गंदे पानी से निजात दिलाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button