सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन वाराणसी का गठन, विवेक सिंह अध्यक्ष ,मनोज कुमार पटेल बने महासचिव

वाराणसी,यूपी: वाराणसी जनपद में खेलों के विकास एवं नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रविवार को पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, रामनगर, वाराणसी के खेल प्रांगण में सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन वाराणसी का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में खेल के विकास, विस्तार, प्रचार-प्रसार तथा जिले के खिलाड़ियों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
नई कार्यकारिणी में जय प्रकाश यादव को चेयरमैन, विवेक कुमार सिंह को अध्यक्ष तथा मनोज कुमार पटेल को महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं मोहम्मद सुल्तान खान को कोषाध्यक्ष, डॉ. दिग्विजय कुमार वर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, अनुराधा पांडेय को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दिनेश प्रजापति एवं आकाश कुमार यादव को संयुक्त सचिव तथा रामाशंकर विश्वकर्मा को कनिष्ठ उपाध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त काजल, फैसल खान एवं नित्या राय को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि वाराणसी जनपद के अधिक से अधिक विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं खेल संस्थानों को सॉफ्ट टेनिस खेल से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन, खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं महासचिव सहित सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों, बेहतर संगठनात्मक व्यवस्था एवं निरंतर खेल गतिविधियों के माध्यम से वाराणसी में सॉफ्ट टेनिस को एक नई पहचान मिलेगी और जिले की प्रतिभाएं भविष्य में प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे।



