नगर के विकास के लिए नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात की

पीडीडीयू, चंदौली: नगर पालिका पीडीडीयू नगर चेयरमैन सोनू किन्नर ने रविवार को नगर विकास मंत्री एके शर्मा से वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में मुलाकात की । इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन ने नगर विकास मंत्री से शहर में नई बसी कालोनियों में बिजली के खंभों के विस्तार और जलनिकासी की समस्या के निस्तारण पर चर्चा की। चेयरमैन की ओर से नगर विकास मंत्री को इस बाबत पत्रक भी सौंपा गया।
नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने नगर विकास मंत्री एके शर्मा का नगर पालिका के नए भवन निर्माण की संस्तुति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस पर नगर विकास मंत्री ने पालिका के नये भवन के भूमि पूजन में स्वयं आने का आश्वासन दिया। नगर पालिका चेयरमैन ने नगर में नई बसी कालोनियों में बिजली के खंभों के विस्तार पर चर्चा की। इसके साथ ही नगर में जल निकासी की समस्या को दूर करने के धन आवंटित किए जाने पर चर्चा की। नगर विकास मंत्री ने शहर के विकास में पूरा सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान सभासद पारस यादव, चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।



