स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. गंजी प्रसाद की 29वीं पुण्यतिथि पर उमड़ी भीड़ ,आप प्रेरणास्रोत है:रामकिशुन

पीडीडीयू,चंदौली: महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्व गेंजी प्रसाद की 29वीं पुण्यतिथि सोमवार की सुबह श्रद्धा एवं सम्मान के साथ चकिया चंदौली तिहारा स्थित प्रतीमा के पास मनाई गई।हवन पूजन के बाद प्रतीमा पर माल्यार्पण किया गया। आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद रामकिशुन पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा के पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि स्व. गंजी प्रसाद की पुण्यतिथि प्रतिवर्ष पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय नेताजी द्वारा चकिया तिराहे पर उनकी प्रतिमा की स्थापना कराई गई थी। तभी से प्रत्येक वर्ष यहां हवन-पूजन, माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग सहभागिता करते हैं।
रामकिशुन यादव ने बताया कि शाम के समय बौरी स्थित स्व. गंजी प्रसाद के पैतृक आवास पर गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। स्व. गंजी प्रसाद ने अपना पूरा जीवन गांव और क्षेत्र की सेवा में समर्पित कर दिया तथा जीवन के अंतिम क्षण तक अपने गांव से जुड़े रहे। उनकी सादगी, जनसेवा और राष्ट्रभक्ति आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. गंजी प्रसाद के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।पूर्व ब्लाक प्रमुख बाबूलाल ने कहा कि स्व. गंजी प्रसाद 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें अंग्रेजी हुकूमत द्वारा दो वर्ष की सजा व 15 बेतों की कठोर सजा भुगतनी पड़ी थी। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी उन्होंने जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाए रखा। समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया। वर्ष 1948 में स्व. गंजी प्रसाद जिला बोर्ड वाराणसी के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 1962 में नियामताबाद ब्लॉक प्रमुख चुने गए। राजनीतिक जीवन में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही और वर्ष 1973-1974 में मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया।
वर्ष 1977 में भी जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए पुनः विधानसभा भेजा।वर्ष 1989 में स्व. गंजी प्रसाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देकर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अपने सादगीपूर्ण जीवन, जनसरोकारों और संघर्षशील व्यक्तित्व के कारण वे आज भी क्षेत्र की जनता के बीच सम्मानपूर्वक याद किए गए।अन्य वक्ताओं ने उनके उपर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रभु नारायण यादव विधायक, जितेन्द्र कुमार, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू,एमएलसी आशुतोष सिन्हा,समर नाथ यादव, बैजनाथ यादव, पारसनाथ तिवारी, इंद्रजीत शर्मा , पूर्व प्रमुख मुलायम सिंह यादव , पूर्व चेयरमैन राजकुमार जायसवाल ,जलालूदीन अंसारी,तस्लीम अंसारी इत्यादि उपस्थित रहे।



