धर्म

मुजफ्फरनगर शहर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा की जानकारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल को डीएम एसएसपी ने दी

मुजफ्फरनगर,यूपी: शहर सीट से विधायक एवं प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बझेड़ी फाटक पर बने अंडरपास से शिव चौक होते हुए अटल चौक मेरठ रोड तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को करने के निर्देश दिए।

श्रावण मास में आयोजित होने वाली विश्व प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा का शुभारंभ गुरुपूर्णिमा के दिन 29 जुलाई से होगा। कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड, एएसपी (सिटी), नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बझेड़ी फाटक से स्थलीय निरीक्षण प्रारंभ किया। इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निर्देश दिए कि इस बात की व्यवस्था की जाए कि बरसात के दिनों में बझेड़ी अंडरपास में कांवड़, यात्रा के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभागों को समयबद्ध एवं समन्वित ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करनी होंगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और सनातन संस्कृति का महापर्व है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त मुजफ्फरनगर से होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। इसलिए हमारा प्रयास है कि जनपद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िये को स्वच्छ, सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध हो तथा उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क की स्थिति, पेयजल, पथ प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। बझेड़ी फाटक पर जलभराव की समस्या का संज्ञान लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इस दौरान उन्होंने शिव चौक पर रुककर निर्देश दिए कि यहीं से कांवड़ यात्रा दो भागों में बंटती है और हरियाणा के शिव भक्त भगत सिंह रोड से होकर निकलते हैं।जबकि मेरठ और दिल्ली की ओर के कांवड़िये आगे बढ़ जाते हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को कांवड़ व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button