पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली की बेटियों ने दिल्ली में जीता खिताब

चंदौली,यूपी: दिल्ली के चौधरी छतर सिंह स्टेडियम में ऑर्बिट ग्रुप ऑफ दिल्ली द्वारा आयोजित प्रथम ‘ऑर्बिट कप गर्ल्स टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट’ के रोमांचक फाइनल मुकाबले में पूर्वांचल स्पोर्ट्स चंदौली की बेटियों ने अपने खेल का ऐसा जादू बिखेरा कि विरोधी टीम एम.आर. टाइगर्स दिल्ली नतमस्तक हो गई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चंदौली की टीम ने रनों की ऐसी झड़ी लगाई कि स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा; कप्तान आंचल ने चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए 16 चौकों और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 102 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली।
वहीं प्रतिमा ने भी 8 चौकों के संग नाबाद 60 रन ठोककर टीम का स्कोर 202 रनों के विशाल पर्वत तक पहुंचा दिया। 203 रनों के विशाल लक्ष्य के जवाब में जीवा की कातिलाना गेंदबाजी (4 विकेट) और अंतिमा की धारदार लाइन-लेंथ (2 विकेट) के आगे एम.आर. टाइगर्स ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर महज 123 रन ही बना सकी, जिसके चलते चंदौली ने 79 रनों की ऐतिहासिक विजय दर्ज की। मैच के बाद पुरस्कारों की बौछार हुई, जिसमें कप्तान आंचल को ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ व ‘बेस्ट बल्लेबाज’।
अंतिमा को ‘बेस्ट गेंदबाज’ और प्रतिमा को ‘बेस्ट फील्डर’ के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पारा क्रिकेट क्लब इंडिया की अध्यक्ष भूमिका यादव ने बेटियों के इस जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि “आज बेटियां हर मैदान में बाजी मार रही हैं और गोल्ड मेडल जीतने के लिए लड़कों से भी बढ़कर मेहनत कर रही हैं।” इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने विशेष अतिथि अरुण खोखर, शर्मा जी, परवीन पाण्डेय और टूर्नामेंट डायरेक्टर सुरेश धनखड़ ने भविष्य में भी ऐसे शानदार आयोजनों का संकल्प लिया, जबकि अंत में शर्मन कुमार और शौजब हुसैन ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस पूरे आयोजन और मैच की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रभारी विभाष श्रीवास्तव द्वारा दी गई।



