बक्सर में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म,तीन घंटे में पुलिस ने गिरफ्तार किए तीन आरोपी

बक्सर,बिहार: जिले के चक्की थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण डेरा गांव में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही बक्सर पुलिस सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर मामले का उद्भेदन कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 25 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रविवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लक्ष्मण डेरा गांव में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी भास्कर रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के साथ आवश्यक तकनीकी अनुसंधान किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
दो आरोपियों पर दुष्कर्म का आरोप, तीसरा रेकी करते पकड़ा गया।पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समशेर पासवान, पिता हरेंद्र पासवान, मोहित पासवान, पिता दीनदयाल पासवान और धनु पासवान, पिता राजेश पासवान के रूप में हुई है। तीनों लक्ष्मण डेरा गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार समशेर पासवान और मोहित पासवान पर घटना को अंजाम देने का आरोप है जबकि धनु पासवान पर घटना के दौरान रेकी करने का आरोप है। पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। मामले में आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।



