मणिकर्णिका घाट पर चिता की लकड़ी के विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई,छह पर मुकदमा

वाराणसी,यूपी: काशी के मणिकर्णिका महाश्मशान घाट पर चिता की लकड़ी को लेकर हुए विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। शवदाह के लिए घाट पर पहुंचे चोलापुर निवासी अभिषेक सिंह की कुछ युवकों ने बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट में अभिषेक सिंह लहूलुहान हो गए। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
मणिकर्णिका घाट पर चिता की लकड़ी को लेकर विवाद शुरू हुआ और यह कुछ ही देर में देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूत्रों के अनुसार कुछ युवकों ने अभिषेक सिंह के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों ने घाट पर हुई इस घटना को लेकर नाराजगी जताई।

मामले की जानकारी मिलने के बाद चौक पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी चौक के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है।
मणिकर्णिका घाट काशी का प्रमुख महाश्मशान है, जहां देश-विदेश से लोग अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील स्थान पर विवाद और मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था तथा घाट की मर्यादा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घाट की मर्यादा भंग करने और इस तरह की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।वायरल वीडियो के आधार पर फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



