हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के लिए सुप्रिया का चयन

मुगलसराय,चंदौली: नन्द बॉक्सिंग एकेडमी एंड योगा ट्रेनिंग सेंटर की होनहार खिलाड़ी सुप्रिया कुमारी का चयन हैदराबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चयन होने से खिलाड़ी, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। सुप्रिया अब हैदराबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में अपने शानदार प्रदर्शन के जरिए चंदौली का नाम रोशन करने के लिए रवाना हो गई हैं।
स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ चंदौली तथा योगा एसोसिएशन ऑफ चंदौली के जिला महासचिव एवं कोच कुमार नन्द जी ने बताया कि सुप्रिया कुमारी केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय की छात्रा हैं और नियमित रूप से नन्द बॉक्सिंग एकेडमी एंड योगा ट्रेनिंग सेंटर में योग का अभ्यास करती हैं। उन्होंने बताया कि सुप्रिया ने अप्रैल माह में आयोजित अंडर-19 रिदमिक योगा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किया था। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया।
हैदराबाद में 8 सितंबर से 15 सितंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ऐसे में सुप्रिया के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
खास बात यह है कि सुप्रिया केवल योग तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि वह बॉक्सिंग और मार्शल आर्ट्स की जिलास्तरीय खिलाड़ी भी हैं।
कोच कुमार नन्द जी ने सुप्रिया को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुप्रिया राष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगी और चंदौली जिले के साथ-साथ अपने विद्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का भी नाम रोशन करेंगी।इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय मुगलसराय के प्रिंसिपल,योग टीचर तथा प्रशिक्षण केंद्र के कोच व सभी खिलाड़ियों ने जीत की शुभकामनाएं दी।



