अंधकार से संवाद-दीपावली की आत्मा:डॉ. विनय कुमार वर्मा

चंदौली,यूपी: दीपावली केवल पर्व नहीं, भारतीय चेतना की आत्मा है। यह वह प्रकाश-यात्रा है जो युगों से अंधकार के अंधेरों को ललकारती रही है। समय की थकान, जीवन की विषमताएँ, संसार की छलनाएँ- इन सबके बीच दीपावली अपने मिलन- महोत्सव, आशा और सत्य की दीप्ति लेकर आती है। यह केवल मिठाइयों, उत्सवों और दीपों की लौ का नाम नहीं; यह आत्मा की वापसी का पर्व है..अपने भीतर लौटने का आह्वान। और इस पर्व के केंद्र में दो विराट प्रतीक खड़े हैं- अयोध्या के राजकुमार श्री राम, और सनातन शक्ति की कल्याण-मूर्ति माँ काली। एक मर्यादा का मार्ग दिखाता है, तो दूसरी साहस का संस्कार। एक सत्य का दीप है, तो दूसरी न्याय की ज्वाला।
जब अयोध्या ने श्रीराम की स्मृति में दीपों की पंक्तियाँ जलाई थीं, तब शायद किसी ने सोचा भी न होगा कि यह छोटा-सा उत्सव युगों की चेतना बन जाएगा। एक पुत्र की घर-वापसी के उत्साह ने भविष्य को आलोकित करने वाली परंपरा का रूप ले लिया। चौदह वर्षों का वनवासी जीवन, संकटों की आँच, प्राणों पर संकट, प्रिय परिवार और राज्य से दूरी- सब कुछ सहकर लौटे राम के स्वागत में जलाए गए दीप वास्तव में मानवता की विजय के दीप थे। यह घोषणा थी कि सत्य विलंबित हो सकता है, पराजित नहीं। राम केवल अयोध्या नहीं लौटे थे- वे प्रत्येक मानव के भीतर लौटे थे, जिसने मर्यादा को अपना धर्म माना था।
श्रीराम की घर-वापसी महज एक कथा नहीं- यह सनातनी जीवन-दर्शन है। यह बताती है कि जो अपने धर्म-मार्ग पर अडिग रहता है, वह चाहे कितनी ही क्लेशों से गुजरे, अंततः विजय उसी की होती है। यही दीपावली का मूल अर्थ है- “दीप से दीप जलता जाए और प्रकाश सृष्टि में फैलता जाए।” यह बाहरी दीप उतना महत्त्वपूर्ण नहीं, जितना भीतर का दीप, जो मनुष्य को लोभ, मोह, क्रोध, अहं और अज्ञान के अंधकार से मुक्त करता है।
इसी रात भारत के पूर्वी भूभाग में, बंगाल, असम, उड़ीसा और मिथिला की धरती पर एक और पूजा होती है- माँ काली की पूजा। पहली नज़र में यह विरोधाभास लगता है..एक ओर शांति और मर्यादा के आदर्श श्रीराम, दूसरी ओर उग्र, तेजस्विनी, करुणा और क्रोध की सम्मिलित मूर्ति माँ काली। परंतु इसका रहस्य यही है कि सनातन संस्कृति विरोधों को नहीं, विरुद्धावलंबन को स्वीकार करती है। राम और काली विरोध नहीं- साधना के दो पक्ष हैं। राम धर्म का संरक्षण हैं और काली अन्याय के विनाश की शक्ति। राम चेतना को दिशा देते हैं, काली उसे दृढ़ता देती हैं। राम भीतर मर्यादा जगाते हैं, काली असुरता पर प्रहार की प्रेरणा। एक बोध है, दूसरी शक्ति। और बोध बिना शक्ति निष्क्रिय है, तो शक्ति बिना बोध विध्वंसक। दीपावली इन दोनों का अद्भुत समन्वय है- प्रकाश और शक्ति का पर्व।
दीये की टिमटिमाती लौ एक क्षणिक लौ भर नहीं- यह एक प्रतीक है। यह सीख देती है कि अंधकार की सत्ता चाहे जितनी व्यापक लगे, एक छोटा-सा दीप भी उससे संघर्ष कर सकता है। दीपक कहता है- “यदि मैं जल सकता हूँ, तो तुम भी जलो। यदि मैं अंधकार को चुनौती दे सकता हूँ, तो तुम भी दे सकते हो।” यह दीप मनुष्य के मन की ज्योति है।…और इसलिए दीपावली कहती है पहले दीप अपने..भीतर जलाओ। द्वेष के कोने उजाले नहीं चाहते; उन्हें प्रेम से प्रकाशित करना होगा। संबंधों पर जमी दूरी को स्नेह की बाती देनी होगी। हृदय की सूनी चौखटों पर विश्वास का दीया रखना होगा।
यह पर्व घर की सफाई के साथ आत्मा की सफाई का भी आह्वान है। मंदिरों में झाड़ू लग जाती है, पर क्या कभी हमने अपने भीतर के मंदिर को भी मांजा है? बाहर की दीवारों पर रंग चढ़ जाता है, पर क्या मन पर चढ़ी क्लांति, ईर्ष्या और अभिमान की परतें हटती हैं? दिये बाहर जलते हैं, पर क्या भीतर का दीप जागता है? यही असली प्रश्न है, और दीपावली उसी प्रश्न का उत्तर खोजने वाली साधना है।
इस रात लक्ष्मी-पूजन की परंपरा है। लोग मानते हैं कि धन की देवी लक्ष्मी इस रात घर आती हैं। पर सत्य यह है कि लक्ष्मी केवल वहीं आती हैं जहाँ लक्ष्मी-योग हो- सफाई, सात्विकता, श्रम और सदाचार। अस्वच्छ मन, अधैर्य भरा जीवन, निरंतर शिकायतों वाले घर और अन्याय से कमाए धन में कृपा नहीं बरसती। इसलिए कहा गया- “लक्ष्मी चंचला है” क्योंकि स्थायी सुख केवल वही घर पा सकता है जहाँ सत्य, श्रम और संतोष का दीप जलता हो।
गणेश जी की पूजा क्यों? क्योंकि वे विघ्नहर्ता हैं। आरंभ के देवता हैं। वे जीवन में क्रम और सम्यक् सोच का प्रतिपाद्य हैं। सरस्वती की पूजा क्यों? क्योंकि धन तभी सार्थक है जब ज्ञान से संयमित हो। विवेक और मूल्यबोध ही संसाधनों को कल्याणकारी बनाते हैं। अन्यथा बड़ी उपलब्धि भी विनाश का कारण बन सकती है। इसलिए यह त्रिविध आराधना एक संदेश देती है…गणेश – सोच बनाओ, सरस्वती – ज्ञान जगाओ, लक्ष्मी – समृद्धि कमाओ ..लेकिन धर्म के पथ पर।
दीपावली के उत्सव में एक और गूढ़ तत्व छिपा है- आत्मदीप भव: यह उपनिषदों का आह्वान है- अपने भीतर ही अपना दीप ढूँढो। संसार बाहरी सुख दे सकता है, पर आंतरिक शांति नहीं। यह केवल आत्मबोध से आती है। भगवान राम उसी आत्मबोध के प्रकाश हैं। उनका जीवन कहता है- धर्म कष्ट दे सकता है, पर कलंक नहीं देता। सत्य का मार्ग लंबा हो सकता है, पर गंतव्य तक वही पहुँचाता हैl और काली यह सिखाती हैं कि भय का अंत सामना करने से होता है, भागने से नहीं।
दीपावली हमें परिवार के मूल्य भी सिखाती है। आज के यंत्रवत समय में, जब रिश्ते स्क्रीन में सिमटते जा रहे हैं, मिलन अनदेखे इमोजी बनकर रह गए हैं, भावनाएँ भाषा के बिना केवल प्रतीक रह गई हैं- ऐसे में दीपावली परिवार को फिर से जोड़ती है। आँगन में जब दीपक सजते हैं, तो लगता है जैसे रिश्ते फिर से जल उठे हों। माँ अपने बच्चों के माथे पर दीप की भभूति लगाती है, पिता चुपचाप बजट सँभालते हुए भी घर की खुशियों की नींव रखते हैं, भाई-बहन की हँसी दालानों में गूँजती है, बुज़ुर्गों के चेहरे पर संतोष उतर आता है- यही दीपावली की असली समृद्धि है।
आज जब भौतिकता का प्रकोप बढ़ रहा है, दीपों का प्रकाश हमें चेताता है- आराम में सुख हो सकता है, किन्तु आलस्य में पतन है। ईर्ष्या में चोट हो सकती है, पर क्षमा में विकास है। लोभ में प्रगति का भ्रम है, पर परिश्रम में वास्तविक उन्नति है। दीपावली उसी श्रम, उसी आशा और उसी प्रकाश का आह्वान है। इस दिन हम केवल अपने घर नहीं सजाते; अपने भीतर के जीवन-मूल्यों को भी निखारते हैं। आज आवश्यकता है कि दीपावली केवल परंपरा न रहे- जीवन की दिशा बने। यदि अयोध्या ने राम के स्वागत में दीप जलाए थे, तो हमें अपने भीतर सत्य का स्वागत करना चाहिए। यदि माँ काली ने अत्याचार पर प्रहार किया था, तो हमें अपने भीतर के संशय, भय और हीन भावनाओं का संहार करना चाहिए। यदि माँ लक्ष्मी आती हैं, तो उन्हें श्रम, त्याग और विवेक के पथ पर आमंत्रित करना चाहिए। तभी दीपावली का उल्लास केवल आज की रात नहीं, जीवन का सतत उत्सव बन सकेगा।
दीपावली का यह महापर्व आपके जीवन में केवल रोशनी नहीं, अर्थ लेकर आए। आपकी चेतना का हर कोना उज्ज्वल हो। आपके द्वार पर सौभाग्य के दीप जले, आपके विचारों में सत्य की चमक हो और आपकी आत्मा में भक्ति की सुगंध। श्रीराम आपकी राहों को मर्यादा की दिशा दें, माँ काली आपको साहस का वरदान दें, माँ लक्ष्मी आपके घर में श्रम-जन्य समृद्धि भरें, मगवान गणपति विघ्नों का नाश करें और माँ सरस्वती आपके हृदय में ज्ञान की अमृत धाराएँ बहाती रहें।
डॉ. विनय कुमार वर्मा: मोटिवेशनल स्पीकर/कवि/लेखक/सीएमडी:सीपीएस स्कूल ऑफ ग्रुप



