भाजपा विधायक की लॉन मालिक को लॉन बंद करवाने को दो टूक चेतावनी

वाराणसी,यूपी: बनारस के सांसद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी संसदीय कार्यालय में बुधवार को जनसुनवाई के लिए वाराणसी कैंट के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव बैठे जिसमें लगभग 3 बजे जैसे ही बैठक समाप्त करने वाले थे तभी भेलूपुर थाना अंतर्गत गोपाल विहार कालोनी में रहने वाली कृष्णा सोमानी, इलाके के लोगों के साथ पहुँचीं और कालोनी से सटे चौरसिया मैरेज लॉन के डी.जे. की शिकायत की और बताया कि पुलिस को बार-बार शिकायत के बाद भी चौरसिया लॉन में डी.जे. की धमक से आसपास के नागरिकों की हृदय गति असामान्य हो जाती है और सभी के स्वास्थ्य और नींद पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। दिन में भी डी.जे. और वूफर सिस्टम की तेज धमक से घरों की खिड़कियाँ और दरवाजे हिलते हैं।
इन बातों को सुनते ही विधायक सौरभ श्रीवास्तव वास्तविकता को महसूस करते हुए चौरसिया लान के मालिक को फोन करके कड़ी शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि पहले भी आपकी शिकायत आयी है और यह अंतिम बार आपको चेतावनी दी जाती है कि अब आप अपने लॉन में डी.जे. की अनुमति नहीं देंगे जिसपर लॉन मालिक ने जवाब दिया कि हम रात 10 बजे के बाद नहीं बजायेंगे।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि कानून के मुताबिक़ दिन के लिए भी ध्वनि की सीमा निर्धारित है और दिन के दौरान या रात्रि 10 बजे से पहले भी, आप खुली हुई जगह में डी.जे. कैसे बजा सकते हैं? लिहाजा अगर लॉन में संगीत बजाना हो तो मद्धिम ध्वनि के स्पीकर इस तरह बजाइये कि स्पीकर की आवाज बाहर नहीं जाए और आपकी आवाज से लॉन के आसपास के लोगों को कोई परेशानी नहीं हो अन्यथा आपका लॉन बंद कराने के लिए अग्रिम कार्यवाही की जायेगी।
उपस्थित लोगों ने भाजपा विधायक की दो टूक चेतावनी सुनने के बाद विधायक का आभार जताया तथा लॉन मालिक ने कम वॉट वाले, धीमी आवाज के स्पीकर को लगाने की बात मान ली और यह भी वादा किया कि रात 10 बजते ही स्पीकर बॉक्स को नियमानुसार स्विच ऑफ करा दिया जायेगा।इसकी जानकारी चेतन उपाध्याय स्वतंत्र पत्रकार, समाजसेवी और प्रेरक वक्ता संस्थापक सचिव ‘सत्या फाउण्डेशन’ ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी।



