राज्यसभा सांसद,प्रभारी मंत्री,विधायक ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया

यूपी,चंदौली,चकिया : वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आज जिले के प्रभारी मंत्री संजीव गोंड, राज्य सभा सांसद दर्शना सिंह, विधायक चकिया कैलाश आचार्य एवं मुख्य विकास अधिकारी एस.एन श्रीवास्तव ने राजदारी के पास पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
64 करोड़ 46 लाख वृक्ष लगाने का लक्ष्य प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने अपने संबोधन में कहा कि पूरे प्रदेश में 64 करोड़ 46 लाख वृक्ष लगाए जा रहे हैं। इस क्रम में जनपद चंदौली में भी यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने पेड़ लगाने के साथ ही पेड़ की सेवा करने की भी अपील की।
चंदौली में वृक्षारोपण अभियान एक पेड़ मां के नाम

इस मौके पर राज्य सभा सदस्य दर्शना सिंह ने एक पेड़ मां के नाम से सभी से पेड़ लगाने की अपील की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कोरोना काल में ऑक्सीजन की आवश्यकता ने यह सबको बता दिया की पेड़ों के बिना हमारे जीवन का अस्तित्व संभव नहीं। उन्होंने कहा कि जो पौधा हम लगाए वो सुरक्षित रहे और अपनी पूर्णता को प्राप्त करे, हमें यह भी चिंता करनी होगी। वृक्ष हमारे जीवन के अभिन्न अंग हैं। उन्होंने पर्यावरणीय संकट को देखते हुए स्कूली बच्चों के बीच पर्यावरण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाने की बात भी की।
विधायक चकिया कैलाश आचार्य ने अपने संबोधन में पेड़ को देवता की संज्ञा देते हुए सभी से पेड़ लगाने की अपील की।उन्होंने कहा कि सभी लोग एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हुए कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं, जिनके पास जगह, जमीन नहीं है वो लोग तुलसी का ही पौधा लगाएं। वृक्ष मित्र परशुराम सिंह ने वृक्ष बचाओ विश्व बचाओ का नारा देते हुए सभी से वृक्ष लगाने के साथ वृक्ष को बचाने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने से पहले पेड़ बचाने की मुहिम शुरू होनी चाहिए। कार्यक्रम के प्रारंभ में कवि मनोज द्विवेदी ने काव्य पाठ करते हुए पर्यावरण संबंधी अपनी कविताओं से सबका मन मोहा। प्राथमिक विद्यालय चकिया की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतिकरण दिया। कार्यक्रम के अन्त में डीएफओ दिलीप श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
रिपोर्टर एअशोक कुमार जायसवाल



