जदयू जिला संगठन चुनाव संपन्न, बक्सर से अशोक कुमार सिंह पुनः जिलाध्यक्ष निर्वाचित

बक्सर,बिहार: शहर के गोयल धर्मशाला में आयोजित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला संगठन चुनाव में निवर्तमान जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह को पुनः जिलाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। चुनाव प्रक्रिया जिला निर्वाची पदाधिकारी, जिला पर्यवेक्षक बक्सर तथा सभी अधिकृत डेलीगेट सदस्यों की उपस्थिति में लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई।
अशोक कुमार सिंह का दोबारा जिलाध्यक्ष चुना जाना कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास, संगठन की एकजुटता और उनके प्रभावी नेतृत्व का प्रमाण माना जा रहा है। उनके कुशल नेतृत्व, पारदर्शी कार्यशैली और जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ के कारण जिला इकाई ने पिछले कार्यकाल में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने और संगठन को हर वर्ग तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही।
पुनर्निर्वाचन के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया। डेलीगेट सदस्यों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी गई। पदाधिकारियों और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत व निष्ठा से जिला संगठन के और अधिक मजबूत होने का विश्वास जताया गया।इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ नेताओं, समाजसेवियों एवं सम्मानित नागरिकों ने अशोक कुमार सिंह को पुनः जिलाध्यक्ष निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं।



