हिडन कैमरे’ से अश्लील वीडियो बनाता था कपल्स के

कानपुर,यूपी: कानपुर के विनायकपुर क्षेत्र स्थित होटल रिद्धि पैलेस में पुलिस की छापेमारी के दौरान देह व्यापार और गुप्त रिकॉर्डिंग के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया कि होटल संचालक प्रमोद गुप्ता ने होटल के सभी 10 कमरों में एडॉप्टर के भीतर हिडन कैमरे लगवा रखे थे, जिनसे ग्राहकों के निजी वीडियो चोरी-छिपे रिकॉर्ड किए जाते थे।
पुलिस के अनुसार होटल को प्रमोद गुप्ता ने करीब ढाई महीने पहले किराये पर लिया था। इसके बाद उसने सुनियोजित तरीके से कमरों में गुप्त कैमरे स्थापित किए और वहां आने वाले लोगों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करना शुरू किया। आरोप है कि रिकॉर्ड किए गए वीडियो विभिन्न वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों को बेचे जाते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संचालक के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें करीब 250 आपत्तिजनक वीडियो मिले। मामले में प्रमोद गुप्ता समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल डेटा की गहन जांच कर रही है।जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि वीडियो किन-किन प्लेटफॉर्मों पर साझा किए गए और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साइबर और गोपनीयता से संबंधित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।



