खेल

रोमांचक मुकाबले में बरेका फुटबॉल नर्सरी बनी महिला फुटबॉल लीग की सीनियर चैंपियन

वाराणसी,यूपी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग का फाइनल मुकाबला शनिवार को रोमांच, कौशल और संघर्ष से भरपूर रहा। खिताबी मुकाबले में बरेका फुटबॉल नर्सरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुमायूं हीरोज को 1-0 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि कुमायूं हीरोज को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।

मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव, बरेका खेलकूद संघ अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि जन संपर्क अधिकारी, बरेका राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना एवं अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।मुकाबले के आरंभ से ही दोनों टीमों ने तेज़, आक्रामक और तकनीकी खेल का प्रदर्शन किया। गेंद पर नियंत्रण, सटीक पासिंग और निरंतर आक्रमण ने दर्शकों को पूरे मैच के दौरान रोमांचित बनाए रखा। मैच के निर्णायक क्षण में प्रीति यादव ने शानदार मूव को गोल में बदलते हुए फुटबॉल नर्सरी को 1-0 की बढ़त दिलाई। यही गोल अंततः मैच का निर्णायक साबित हुआ।

गोल खाने के बाद कुमायूं हीरोज ने बराबरी के लिए लगातार आक्रामक प्रयास किए, किंतु फुटबॉल नर्सरी की मजबूत रक्षापंक्ति और अनुशासित खेल के सामने उनके सभी प्रयास असफल रहे। निर्धारित समय समाप्त होने पर रेफरी की अंतिम सीटी बजते ही फुटबॉल नर्सरी की खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा पूरे मैदान में विजय का उल्लास छा गया।

विजेता टीम की ओर से प्रीति यादव, अंजलि यादव एवं रिया ने उत्कृष्ट तालमेल, तेज़ गति और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। वहीं कुमायूं हीरोज की ओर से चाँदनी पटेल और वंदना ने पूरे मुकाबले में संघर्षपूर्ण खेल का परिचय देते हुए अपनी टीम को बराबरी दिलाने का भरसक प्रयास किया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की।फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साहवर्धक नारों के साथ खिलाड़ियों का लगातार मनोबल बढ़ाया। पूरे मैच में दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था, जिससे बरेका खेल मैदान का वातावरण किसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसा प्रतीत हो रहा था।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुराग कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि राजेश कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने सफल आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों एवं खिलाड़ियों को बधाई दिया। इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव, एफ.सी. बनारस के अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, पंकज पांडेय, अनिल कुमार तथा तमाम दर्शक भी उपस्थित रहे।

Indians News

Editor in Chief

Indians News

Editor in Chief

Related Articles

Back to top button